
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 2022 के फुलवारीशरीफ आपराधिक साजिश मामले में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष महबूब आलम को गिरफ्तार किया है। कटिहार जिले के हसनगंज के रहने वाले महबूब आलम उर्फ महबूब आलम नदवी को किशनगंज से पकड़ा गया। वह इस मामले में गिरफ्तार होने वाला 19वां आरोपी है। शुरुआती जांच में स्थानीय पुलिस ने 26 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। NIA की जांच के अनुसार, PFI के सदस्य गैरकानूनी और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल थे, जिनका उद्देश्य विभिन्न धर्मों और समूहों के सदस्यों के बीच धार्मिक वैमनस्य फैलाकर आतंक का माहौल बनाना था। महबूब आलम इस साजिश का हिस्सा था, जो भर्ती, प्रशिक्षण और बैठकों का आयोजन करता था, PFI की विचारधारा का प्रचार करता था और फंडिंग भी जुटाता था। NIA का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यह मामला शांति और सद्भाव के लिए हानिकारक गतिविधियों से संबंधित है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक शांति को भंग करना और भारत के विरुद्ध असंतोष पैदा करना था।





