
नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब धमकी के पर्चों की वजह से और गहरा गया है। पिछले छह दिनों में दूसरी बार परिवार के पैतृक घर में किचन की खिड़की से धमकी वाला पर्चा फेंका गया। परिवार डर के साये में जी रहा है और हर पल खतरे की आशंका से घिरा हुआ है।
बुधवार को शकूराबाद थाने की पुलिस के साथ FSL की विशेषज्ञ टीम गांव पहुंची। उन्होंने किचन में बाईं ओर बनी खिड़की का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां से पर्चे फेंके जाने का शक है। टीम ने साइट से महत्वपूर्ण साक्ष्य संग्रहित किए, जिनकी लैब में जांच होगी।
मंगलवार को ही वही जगह पर दूसरा पर्चा मिला था, जो पहले वाले जैसा ही था। परिवार ने लगातार धमकियों के बीच सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि ये पर्चे उन्हें मानसिक रूप से तोड़ रहे हैं।
इधर, सीबीआई की टीम ने मृतका के परिजनों और भाई से पूछताछ की। भाई के फोन को जब्त कर कई जगहों पर तथ्य जुटाए गए। पूरा मामला रहस्यमय बना हुआ है। FSL के नतीजे राज खोल सकते हैं, जिससे परिवार को न्याय मिले।