
बिहार के बक्सर जिले के चौसा क्षेत्र में एक शादी का माहौल अचानक सन्नाटे में बदल गया। उत्तर प्रदेश के बलिया से आई बारात के बीच जयमाला के मंच पर खड़े दूल्हा-दुल्हन के सामने पड़ोसी युवक दीनबंधु मल्लाह ने 18 वर्षीय दुल्हन आरती कुमारी को गोली मार दी। घटना उस समय घटी जब डीजे पर ‘तुझको ही दुल्हन बनाऊंगा वरना कुंवारा मर जाऊंगा’ गाना बज रहा था।
मल्लाह टोली में चल रही यह शादी रस्में पूरी हो रही थीं। अचानक मुंह पर कपड़ा लपेटे आरोपी मंच पर चढ़ा, पहले वीडियो बनाया और फिर तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। दुल्हन मंच पर ही खून से लथपथ गिर पड़ी। चीखें गूंजने लगीं और भीड़ में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार, दीनबंधु का आरती से पुराना एकतरफा प्रेम था। वह शादी रोकने की धमकी दे चुका था, लेकिन परिवार ने इसे हल्के में लिया। गोली लगने के बाद आरती को बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शी बहन निशा ने बताया कि आरोपी ने गाना विशेष रूप से बजवाया और फिर वारदात को अंजाम दिया। घटना के 14 घंटे बाद दीनबंधु बक्सर सिविल कोर्ट पहुंचा और सरेंडर कर दिया। मुफस्सिल थाने में केस दर्ज कर पूछताछ शुरू हो गई।
शादी का उत्साह शोक सभा में बदल गया। न खाना खाया गया, न कोई रस्म बाकी रही। यह घटना समाज में टूटे दिलों की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर करती है।