
बिहार के सासाराम में इंडिया गठबंधन की रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब तक बीजेपी सत्ता में है, लोगों के वोट, अधिकार और आजादी सुरक्षित नहीं हैं, और संविधान खतरे में है। खरगे ने आरएसएस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह संगठन देश की आजादी के खिलाफ था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस ने गांधी जी की हत्या की और आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं दिया। खरगे ने कहा कि देश में सभी को वोट का अधिकार संविधान ने दिया, जिसमें नेहरू जी और बाबासाहेब आंबेडकर का बड़ा योगदान था। उन्होंने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी चुनाव में धांधली करती रही है। खरगे ने बताया कि राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ सासाराम से शुरू हो रही है, जो 16 दिनों में 1300 किमी का सफर तय करेगी और 1 सितंबर को गांधी मैदान में समाप्त होगी।





