
पटना, बिहार में एक युवक को दिनदहाड़े गोली मारी गई। इस मामले में अब एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यह मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा है। दरअसल, एक युवती अपने पूर्व प्रेमी से ब्रेकअप के बाद भी बात करती थी। युवती के नए प्रेमी को यह बात पसंद नहीं आई। उसने गर्लफ्रेंड को समझाया, लेकिन वह फिर भी पूर्व प्रेमी से बात करती रही। जिसके बाद नए प्रेमी ने गर्लफ्रेंड के पूर्व प्रेमी को गोली मार दी। घायल युवक गौतम का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, गौतम को गोली मारने वाला आरोपी अभिषेक पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस ने बताया कि घटना वाले दिन गौतम ने अभिषेक को कॉल करके बुलाया था। इस दौरान गर्लफ्रेंड के सामने अभिषेक और गौतम के बीच विवाद हुआ। दोनों के बीच गाली-गलौज हुई, जिसके बाद अभिषेक गर्लफ्रेंड के साथ वहां से चला गया। लेकिन अभिषेक दोबारा पिस्टल लेकर लौटा और गौतम की गर्दन में गोली मार दी और फरार हो गया। लड़की और गौतम के बीच कई सालों से अफेयर था, जबकि अभिषेक का भी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसे गौतम से प्रेमिका का बात करना अच्छा नहीं लगता था। इसी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गौतम को रास्ते से हटाने के लिए उसने जान से मारने की कोशिश की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक और हथियार बरामद किए हैं। अभिषेक के अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।





