
बिहार के नालंदा जिले में राजगीर-गिरियक मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। लखीसराय के गरुआ-पुरसंडा मध्य विद्यालय के 50 बच्चों से भरी बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। लेकिन चालक हीरालाल की फुर्ती से सभी मासूम सुरक्षित बच निकले।
बच्चे राजगीर घूमने के बाद लखीसराय लौट रहे थे। आयुध कारखाना गेट नंबर दो के पास इंजन से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। राहगीरों ने चिल्लाकर ड्राइवर को आग के खतरे की सूचना दी।
हीरालाल ने तुरंत बस सड़क किनारे रोक दी। चीख-पुकार मचाने के बीच उन्होंने सभी बच्चों और शिक्षकों को बाहर निकाल लिया। इस दौरान बस पूरी तरह जलने लगी।
पास की सर्फ फैक्ट्री के मालिक राहुल कुमार ने कर्मचारियों संग फायर एक्सटिंग्विशर और डोलोमाइट पाउडर लाकर आग पर काबू पाने में मदद की। ग्रामीणों की मेहनत से आग बुझ गई। दमकल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सफाई की।
डरे-सहमें बच्चे दूसरी बस से घर लौटे। पुलिस का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो सकती है। जांच जारी है। हीरालाल को सभी तरफ से सराहना मिल रही है।