
पटना में शुक्रवार को बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन (कॉम्फेड) के प्रबंध निदेशक समीर सौरभ की अध्यक्षता में बीएससीबी पदाधिकारियों संग महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक हुई। इसका उद्देश्य सहकारी समितियों के बीच सहयोग को मजबूत कर दुग्ध क्षेत्र को नई गति देना था।
बैठक में दुग्ध सहकारी संस्थाओं के मध्य बेहतर तालमेल, पारदर्शिता, कार्यकुशलता और तकनीकी एकीकरण पर गहन चर्चा हुई। खासतौर पर प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियों (पीडीसीएस) और किसानों को वित्तीय-डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की रूपरेखा बनी, जिससे उन्हें व्यापक लाभ मिले।
मुख्य निर्णयों में सुदृढ़ प्रबंधन सूचना प्रणाली (एमआईएस) विकसित करने पर जोर दिया गया। यह व्यवस्था किसानों को दूध बिक्री का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करेगी तथा संग्रहण, भुगतान, सदस्यता और लेन-देन की पारदर्शी निगरानी संभव बनाएगी।
इससे किसानों को समय पर भुगतान, वित्तीय समावेशन और सहकारिता में सक्रिय भूमिका मिलेगी। कॉम्फेड-बीएससीबी के इस सामूहिक प्रयास से बिहार का दुग्ध सहकारिता आंदोलन और सशक्त होगा, जो राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।