
बिहार के कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी। नकाबपोश अपराधी घर में घुसा और अंधेरे का फायदा उठाकर शरीफा खातून को गोली मार दी। परिजनों का कहना है कि निशाना उनके पति एहतेशाम हुसैन को बनाया गया था, लेकिन गलत पहचान के कारण पत्नी ही शिकार हो गई।
रात के अंधेरे में पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। बदमाश ने बिस्तर पर लेटी शरीफा को एहतेशाम समझ लिया और फायरिंग कर दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर मचने पर अपराधी पिस्तौल वहीं छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने हथियार बरामद कर जांच तेज कर दी है। एहतेशाम ने इसे साजिश बताया और अपनी साली व साढ़ू पर शक जताया। उन्होंने पुरानी पारिवारिक रंजिश का हवाला दिया। एसपी शिखर चौधरी ने कहा कि हर कोण से जांच चल रही है। एफएसएल टीम साक्ष्य जमा कर रही है।
गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। कांग्रेस नेता तौकीर आलम ने घटना की निंदा की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। पुलिस संदिग्धों की धरपकड़ में जुटी हुई है।