
बिहार के सहरसा जिले में एक हैरान करने वाली घटना ने पुलिस विभाग को हिलाकर रख दिया है। सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हिंदुपुर गांव में डायल 112 की टीम दो बंधक युवकों को मुक्त कराने पहुंची, तो ग्रामीण महिलाओं ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे सनसनी फैल गई है।
28 फरवरी को डायल 112 को सूचना मिली कि कहरा प्रखंड के सिरादे पट्टी निवासी भैरव कुमार और राहुल कुमार को हिंदुपुर गांव के एक घर में बंधक बना लिया गया है। सूचना पर पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। लेकिन जैसे ही उन्होंने युवकों को छुड़ाने का प्रयास शुरू किया, ग्रामीणों की भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने महिलाओं को भड़काया और पुलिस पर हमला बोल दिया।
महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को लाठियों और मुक्कों से पीटा तथा दौड़ा लिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे अधिकारी भागने को मजबूर हो गए। इस हमले में घायल पुलिसकर्मी आशिफ अनवार खां ने बख्तियारपुर थाने में पांच नामजद और दस अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक किसी के घर में घुसकर फोटो ले रहे थे, जिसकी भनक लगते ही ग्रामीणों ने उन्हें बंद कर दिया। किसी ने इस ड्रामे का वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकब में खलबली मच गई। वरिष्ठ अधिकारी जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिला रहे हैं। यह घटना ग्रामीण इलाकों में पुलिस और जनता के बीच बढ़ते तनाव को उजागर करती है। जांच जारी है और दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे डाला जाएगा।