
भागलपुर में होली का रंग कुछ खास है इस बार। स्थानीय महिला उद्यमी प्रियंका सोनी उर्फ ‘मिलेट्स महिला’ ने बाजरे से बने अनोखे मालपुए लॉन्च किए हैं, जो स्वास्थ्यप्रद और स्वादिष्ट होने के कारण लोगों का दिल जीत रहे हैं। आसपास के इलाकों से सैकड़ों ऑर्डर आ रहे हैं।
त्योहारों में मिलावटी मिठाइयों की समस्या से तंग आकर प्रियंका ने बाजरा, ज्वार व रागी जैसे पोषक अनाजों से मालपुआ तैयार किया। डायबिटीज रोगी भी इसे बेझिझक खा सकते हैं। पीएमएफएमई योजना के तहत 1.17 लाख के ऋण से उन्होंने अपना कारोबार शुरू किया।
आज उनके पास बाजरे के 60 उत्पाद हैं – खिचड़ी, खीर, हलवा, इडली आदि। प्रियंका ने कहा, ‘पीएम मोदी की योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।’ यह योजना 2020 में आत्मनिर्भर भारत के तहत शुरू हुई, जो सूक्ष्म खाद्य इकाइयों को वित्तीय व तकनीकी सहायता देती है।
प्रियंका की सफलता ‘वोकल फॉर लोकल’ की मिसाल है। होली पर उनके मालपुए न केवल स्वाद ला रहे, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा भी दे रहे हैं। यह कहानी हर महिला उद्यमी के लिए प्रेरणा है।