
बिहार के जमुई जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने समाज को शर्मसार कर दिया है। नगर थाना क्षेत्र के अमरथ गांव में रविवार को एक महिला का अपने ही पति के हाथों धारदार हथियार से कटा हुआ शव बरामद हुआ। मृतक तराना खातून ने तीन बेटियों को जन्म दिया था, जिसकी वजह से पति इरफान अंसारी भड़क उठा और उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, इरफान ने हत्या के बाद खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों की शादी 2018 में हुई थी। शादी के बाद तराना ने लगातार तीन बेटियों को जन्म दिया, जिस पर ससुराल पक्ष के लोग नाराज थे। परिवार में अक्सर इस बात को लेकर झगड़े होते थे। मृतका के मायके वालों ने बताया कि 10 दिन पहले भी उसके साथ मारपीट हुई थी।
मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संग्रह किए हैं। हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद हो गया है। अन्य फरार परिवारजनो की तलाश में छापेमारी जारी है।
यह घटना बेटे की लालसा और महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों की कड़वी सच्चाई को उजागर करती है। प्रशासन ने मामले की गहन जांच का भरोसा दिलाया है।