
लखीसराय, 24 जनवरी। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा शनिवार को लखीसराय जिले में भव्य रूप से आयोजित राज्यस्तरीय किऊल महोत्सव में शिरकत की। उन्होंने इस आयोजन को सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाकारों की प्रतिभा और स्थानीय पहचान को संरक्षित करने का मजबूत माध्यम बताया।
महोत्सव को संबोधित करते हुए सिन्हा ने जिले की जीवंत लोककलाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक वैभव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव न केवल हमारी कला-संस्कृति को बढ़ावा देता है, बल्कि पर्यटन को प्रोत्साहित कर क्षेत्रीय प्रगति की नई ऊंचाइयों को भी छूता है। लखीसराय की सांस्कृतिक धरती को नमन करते हुए उन्होंने ऐसे आयोजनों की महत्ता पर बल दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए सिन्हा ने 25 जनवरी को होने वाले प्रसारण से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीएम के विचारों से प्रेरणा ग्रहण कर नए भारत के निर्माण में योगदान दें।
‘लिट्टी विथ मांझी’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने बिहार के स्वादिष्ट लिट्टी-चोखा का आनंद लेने का उल्लेख किया। यह आयोजन हमारी परंपराओं, स्वाद और सांस्कृतिक गौरव को जीवंत करता है। बिहार की असली शान इसी में है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वैशाली यात्रा का वर्णन करते हुए सिन्हा ने बताया कि समृद्धि यात्रा के दौरान विकास कार्यों का जायजा लिया गया, 54 करोड़ की 25 योजनाओं का शिलान्यास व 98 करोड़ की 103 योजनाओं का उद्घाटन हुआ। डबल इंजन सरकार बिहार के हर क्षेत्र में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगी।