
पटना में मंगलवार को एक ऐतिहासिक पल आने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार अपने कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट 2026-27 के लिए पेश करेगी। वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव विधानसभा में राज्य के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा रखेंगे।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि यह बजट अगले 20 वर्षों के विकास परक विजन पर आधारित है। बजट का आकार बड़ा होगा, जिसमें महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के विशेष प्रावधान हैं। सड़कों, हवाई अड़ड़ों और रेल नेटवर्क पर भारी निवेश से बिहार की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
स्किल डेवलपमेंट पर जोर देते हुए जायसवाल ने कहा कि 10वीं के बाद व्यावसायिक प्रशिक्षण और तकनीकी संस्थानों में इंक्यूबेशन सेंटर खोले जाएंगे। इससे बेरोजगारी की समस्या कम होगी। कृषि उद्योगों को बढ़ावा देकर किसानों की समृद्धि सुनिश्चित की जाएगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली परियोजनाओं के लिए पर्याप्त बजट आवंटित किया गया है। आर्थिक सर्वेक्षणों के अनुसार बिहार देश का सबसे तेजी से बढ़ता राज्य है। विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि 14 करोड़ की आबादी ने चुनाव आयोग पर भरोसा जताया। यह बजट बिहार के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।