
महाराष्ट्र के बारामती में कथित अपहरण का मामला प्यार की कहानी बन गया है। 21 साल की वैष्णवी राजू थोरात ने वीडियो जारी कर साफ किया कि उनका कोई अपहरण नहीं हुआ, बल्कि वह अपनी मर्जी से प्रेमी जहीर शेख के साथ गईं। इस खुलासे से पुलिस ने जांच का दायरा बदल दिया है।
वीडियो में वैष्णवी ने कहा, ‘मेरा नाम वैष्णवी राजू थोरात है। मैं जहीर शेख के साथ नौ साल से प्रेम संबंध में हूं। कल की घटना में कोई जबरदस्ती नहीं हुई। मैं अपनी इच्छा से गई हूं। अपहरण की अफवाहें गलत हैं।’
घटना 17 फरवरी को शाम चार बजे इंदापुर तहसील के भिगवान थाना क्षेत्र में घटी। परिवार के मुताबिक, आनंद होटल के पीछे से लौट रही वैष्णवी, उसकी मां और भाई को दो युवकों ने रोका। उन्होंने मां-भाई की आंखों में मिर्ची डाल दी और वैष्णवी को जबरन गाड़ी में बिठा ले गए।
आरोपियों की पहचान जहीर हारून शेख और अयान हारून शेख के रूप में हुई। एफआईआर दर्ज होते ही ग्रामीणों में रोष फैल गया। पुलिस स्टेशन के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शनकारियों ने टायर जला पुणे-सोलापुर राजमार्ग रोका दिया।
रात 11 बजे के बाद भी लोग थाने पर डटे रहे। दूसरे दिन स्थानीय बाजार बंद रहा। लेकिन वीडियो के सामने आने से माहौल शांत हुआ। अब पुलिस प्रेम प्रसंग और सांठगांठ के पहलू से जांच कर रही है।
यह मामला परिवारों के बीच टकराव, प्रेम संबंधों और अफवाहों की ताकत को उजागर करता है। समाज को ऐसी स्थितियों में संयम बरतने की सीख मिलती है।