
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर 69 साल की उम्र में भी कमाल कर रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘सूबेदार’ का टीजर रिलीज होते ही फैंस दीवाने हो गए हैं। इस टीजर में अनिल का रगड़ू लुक और जबरदस्त एक्शन देखकर लगता है कि उम्र उनके लिए महज एक आंकड़ा है।
फिल्म की कहानी अर्जुन मौर्य नाम के एक पूर्व सैनिक की है, जो देश के लिए लड़े, अब परिवार और समाज की जंग लड़ रहे हैं। बेटी से तनावपूर्ण रिश्ता, सामाजिक कुरीतियां और घरेलू दुश्मन – इन सबका सामना करते हुए सूबेदार अपनी पहचान बचाने की कोशिश करते हैं। टीजर में चश्मा लगाए अनिल दुश्मनों को धूल चटा रहे हैं, जो देखने लायक है।
अनिल कपूर ने खुद इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है और लीड रोल निभाया है। पिछले साल अपने जन्मदिन पर उन्होंने फिल्म की घोषणा की थी, कहा था कि यह एक्शन के साथ परिवारिक संघर्ष की कहानी है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में शूटिंग हुई है। डायरेक्टर सुरेश त्रिवेणी और राइटर प्रज्वल चंद्रशेखर ने स्क्रिप्ट लिखी है।
‘सूबेदार’ 5 मार्च को अमेजन प्राइम पर रिलीज होगी। ‘वॉर 2’ के बाद यह अनिल का एक और धमाका साबित हो सकता है। फैंस का उत्साह चरम पर है।