
नई दिल्ली। राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को बधाई दी और कहा कि बेटियां न केवल हमारी जिम्मेदारी हैं, बल्कि राष्ट्र की असली शक्ति भी हैं। एक्स प्लेटफॉर्म पर अपनी पोस्ट में उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, रानी वेलु नचियार, मूला गभरू और प्रीतिलता वाडेदार जैसे वीरांगनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनके पराक्रम से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
शाह ने मोदी सरकार की महिला सशक्तिकरण की नीतियों की सराहना की, जहां नारी शक्ति को विकास की धुरी बनाया गया है। आज महिलाएं देश के हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और प्रगति के नए आयाम रच रही हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बेटियों को वरदान और राष्ट्र का अभिमान बताया। उन्होंने कहा कि बेटियां अपनी प्रतिभा से हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। डबल इंजन सरकार बेटियों की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए कटिबद्ध है।
हर साल 24 जनवरी को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय बालिका दिवस 2008 में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया था। यह दिवस बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण पर जोर देता है। यह लिंग भेदभाव के खिलाफ जागरूकता फैलाता है और समान अवसर प्रदान करता है।
यह पहल भारत के महिला नेतृत्व वाले विकास और 2047 तक विकसित भारत के सपने से जुड़ी हुई है। बेटियों को सशक्त बनाना ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।