अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। बैठक में कई परियोजनाओं पर चर्चा हुई, विशेष रूप से ताजपुर बंदरगाह की स्थिति पर। बंगाल सरकार ने हाल ही में इस बंदरगाह के लिए एक नया टेंडर जारी करने का फैसला किया था। ऐसा माना जा रहा है कि अडानी और सीएम ममता के बीच इसी मुद्दे पर बातचीत हुई।
अडानी और सीएम ममता की मुलाकात के कई कारण बताए जा रहे हैं, लेकिन सबसे अधिक चर्चा ताजपुर बंदरगाह की हो रही है। हाल ही में, बंगाल सरकार ने 25,000 करोड़ रुपये की लागत वाली ताजपुर बंदरगाह परियोजना के लिए अडानी समूह के साथ चार साल पुरानी साझेदारी को समाप्त कर दिया था और एक नया टेंडर जारी करने का निर्णय लिया।
ताजपुर बंदरगाह को पूर्वी भारत के लिए एक रणनीतिक बुनियादी ढांचा परियोजना माना जाता है, इसलिए बंगाल सरकार और अडानी समूह दोनों की इस पर नज़र है। हालांकि, पश्चिम बंगाल सरकार और अडानी समूह दोनों ने ही इस मुलाकात में हुई चर्चा के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
गौतम अडानी की मुलाकात के बाद, बंगाल सरकार की ओर से ताजपुर बंदरगाह की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। राज्य सरकार ने अब तक यह भी नहीं बताया है कि अडानी समूह को दिया गया टेंडर रद्द किया गया है या नहीं। इसी वजह से इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। सीएम ममता और गौतम अडानी के बीच करीब 1 घंटे तक बातचीत हुई।