
अबू धाबी। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और राष्ट्रीय सुरक्षा निर्देशों के चलते अबू धाबी स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर को 9 मार्च तक श्रद्धालुओं के लिए बंद करने का फैसला किया गया है। मंदिर प्रबंधन ने सभी भक्तों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है।
आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया कि इस दौरान मंदिर परिसर में स्वामीजी शांति, सुरक्षा और समग्र कल्याण के लिए नियमित पूजन-अर्चना जारी रखेंगे, लेकिन आम दर्शनार्थियों का प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा। एक्स प्लेटफॉर्म पर जारी पोस्टर में कहा गया, ‘वर्तमान परिस्थितियों और सुरक्षा सलाह के अनुरूप मंदिर 9 मार्च तक बंद रहेगा।’
पोस्ट में लोगों से शांत रहने, अफवाहों से दूर रहने, सरकारी निर्देशों का पालन करने और घर में रहने की अपील की गई है। मंदिर ने देश की एकता और शक्ति के लिए प्रार्थना की और आगे के अपडेट देने का आश्वासन दिया।
यह फैसला पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद पैदा हुई तनावपूर्ण स्थिति के संदर्भ में आया है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल पर ड्रोन-मिसाइल हमले किए तथा बहरीन, कुवैत और कतर में अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाया। क्षेत्रीय अस्थिरता के इस दौर में मंदिर जैसी धार्मिक संस्थाएं सतर्कता बरत रही हैं।
वैश्विक हिंदू समुदाय से अपील है कि घर बैठे प्रार्थना करें और आधिकारिक स्रोतों से सूचना लें।