
चंडीगढ़। पंजाब में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ पर जातिवादी और अपमानजनक टिप्पणियों के खिलाफ पूरे राज्य में भव्य प्रदर्शन किए। आप के वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरे। उन्होंने बाजवा और कांग्रेस आलाकमान से दलित समुदाय व मेहनतकश वर्ग से सार्वजनिक माफी की मांग की।
आप नेता बलतेज पन्नू ने कहा कि बाजवा की शर्मनाक टिप्पणियां केवल ईटीओ का अपमान नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज और पंजाब के श्रमिकों पर हमला हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आप किसी को भी दलितों का अपमान करने या मेहनतकश लोगों की इज्जत को ठेस पहुंचाने की इजाजत नहीं देगी।
मलेरकोटला, रोपड़, होशियारपुर, कपूरथला, अमृतसर, पठानकोट, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा समेत सभी जिलों में प्रदर्शन हुए। बैंड-बाजे के साथ स्थानीय निवासियों ने आप नेताओं का साथ दिया और कांग्रेस की दलित-विरोधी मानसिकता की कड़ी निंदा की।
आप नेताओं ने कांग्रेस को ललकारा- क्या बाजवा की जातिवादी भाषा पार्टी की नीति है? क्या माफी मांगेंगे या चुप रहेंगे? यह प्रदर्शन आप की सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं। पंजाब की जनता कांग्रेस के चरित्र को पहचान रही है।