सैनिकों के लिए आयुष उपचार की पहल
नई दिल्ली, 22 जुलाई – केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को एक पत्र लिखकर सभी सैनिक अस्पतालों में आयुष ओपीडी और आयुष आधारित उपचार शुरू करने का अनुरोध किया है। इस प्रस्ताव में कहा गया है कि आयुष के वैज्ञानिक रूप से सिद्ध उपचारों को आधुनिक चिकित्सा के साथ जोड़कर सैनिकों को समग्र और निवारक स्वास्थ्य देखभाल प्रदान की जा सकती है। वर्तमान में केवल कुछ चुनिंदा रक्षा संस्थानों में आयुष सुविधाएं उपलब्ध हैं; यदि इसे सभी मिलिट्री और फील्ड अस्पतालों में विस्तारित किया जाए तो सैनिकों को रोगों की रोकथाम, जीवनशैली प्रबंधन और पुनर्वास में लाभ मिलेगा। आयुष मंत्रालय इस योजना के कार्यान्वयन के लिए तकनीकी सहयोग, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन प्रदान करने के लिए तैयार है।


