
भोपाल। मध्य प्रदेश में महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को राज्यस्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का लक्ष्य 14 से 15 साल की लगभग 8 लाख बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाना है।
केंद्र सरकार ने 7.58 लाख से ज्यादा वैक्सीन डोज उपलब्ध कराए हैं, जो बाजार में 4,000 रुपये कीमत वाली हैं। अगले तीन माह तक सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर ये टीके मुफ्त लगाए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की, जिसे मध्य प्रदेश में जोरशोर से लागू किया जा रहा है।
नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्र ने कहा कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति सरकार की संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर को महिलाओं के लिए बड़ा खतरा बताते हुए माता-पिता से पात्र बेटियों को टीका लगवाने की अपील की।
भोपाल के डॉ. कैलाश नाथ काटजू अस्पताल में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने अभियान का स्थानीय शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है, जिसमें प्रति लाख महिलाओं पर 156 मामले आते हैं। एचपीवी टीका रोकथाम का सबसे कारगर माध्यम है।
शुक्ला ने कहा कि सरकार का उद्देश्य मध्य प्रदेश को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाना है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन से सहयोग की अपेक्षा की। यह अभियान अन्य स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़कर चल रहा है।
जल्द शुरू होने वाले मिशन मधुहारी में जिला अस्पतालों पर बच्चों-युवाओं के लिए टाइप-1 डायबिटीज क्लिनिक होंगे। निरोगी काया अभियान, सिकल सेल उन्मूलन, स्वस्थ महिला सशक्त परिवार और हेल्दी लिवर मिशन भी जोर पकड़ रहे हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को हब-एंड-स्पोक मॉडल से सशक्त किया गया है। 85 प्रकार की जांचें, ग्रामीण टेलीमेडिसिन और प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की योजना है। अधिकारियों ने समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति का भरोसा जताया है।