
पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 12 एयर फोर्स हॉस्पिटल में आयोजित पहले मेगा एडवांस्ड सर्जिकल आई कैंप का सफल समापन शुक्रवार को हो गया। चार दिनों में भारतीय सेना और वायुसेना के चिकित्सकों ने 374 मरीजों पर सफल सर्जरी कर उनकी जिंदगी को नई दिशा दी।
समापन अवसर पर सेंट्रल एयर कमांड के प्रमुख एयर मार्शल बी मणिकांतन उपस्थित रहे। डायरेक्टर जनरल आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल सर्विसेज सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन और डीजीएमएस (एयर) एयर मार्शल संदीप थरेजा ने भी निरीक्षण किया।
सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, देवरिया, महाराजगंज, गोरखपुर के ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नेपाल तक के मरीज यहां पहुंचे। 69 वर्षीय अमरनाथ गुप्ता जैसे मरीजों के लिए यह कैंप वरदान साबित हुआ। पोते-पोतियों के चेहरे लंबे समय से न देख पाने की विवशता अब दूर हो गई।
आर्मी हॉस्पिटल (आरएंडआर) के नेत्र रोग विभाग प्रमुख ब्रिगेडियर (डॉ.) संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में लेफ्टिनेंट कर्नल रवि चौहान और मेजर अमृता जोशी की टीम ने वायुसेना के विमानों से लाए गए अत्याधुनिक उपकरणों से सर्जरी कीं।
यह कैंप क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर है, जो सैन्य चिकित्सकों की जनसेवा को दर्शाता है। भविष्य में ऐसे और प्रयासों से जरूरतमंदों को लाभ मिलेगा।