
आजकल हर घर में जंक फूड की एंट्री हो चुकी है। बच्चे हो या वयस्क, शाम की छोटी-मोटी भूख मिटाने के लिए चिप्स, पिज्जा या कोल्ड ड्रिंक का सहारा लिया जा रहा है। ये चीजें तुरंत भूख तो मिटाती हैं, लेकिन लंबे समय में मोटापा, डायबिटीज और लीवर की खराबी जैसी समस्याएं पैदा कर देती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि रोजाना इनका सेवन शरीर को धीरे-धीरे कमजोर बनाता है। इसलिए आज हम आपको जंक फूड के बेहतर विकल्प बता रहे हैं, जो स्वाद के साथ सेहत भी देंगे।
फरवरी के बाद गर्मी का दौर शुरू हो जाता है। इस मौसम में बॉडी को हाइड्रेट रखना जरूरी होता है। लेकिन मार्केट के पैकेट वाले ड्रिंक्स आंतों और लीवर को नुकसान पहुंचाते हैं। इनकी जगह नींबू पानी या शिकंजी बनाएं। ये न सिर्फ प्यास बुझाते हैं, बल्कि विटामिन सी से त्वचा को चमक भी देते हैं।
पिज्जा-बर्गर का क्रेज बढ़ता जा रहा है। लेकिन इनमें मौजूद ट्रांस फैट्स से कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है। बच्चों को ढोकला या सब्जी वाली इडली खिलाएं। ये हल्के, पचने में आसान और प्रोबायोटिक्स से भरपूर होते हैं, जो पेट को स्वस्थ रखते हैं।
आइसक्रीम और मिठाइयों में प्रोसेस्ड शुगर होती है, जो सूजन और वजन बढ़ाती है। इसके बजाय मौसमी फल जैसे आम, तरबूज या बेरीज खाएं। ये प्राकृतिक मिठास देते हैं और एंटीऑक्सीडेंट्स से इम्यूनिटी मजबूत करते हैं।
नमकीन चिप्स बच्चों में लोकप्रिय हैं, लेकिन सोडियम से ब्लड प्रेशर खराब होता है। रोस्टेड मखाने, मूंगफली या चने दें। मसाला और नींबू डालकर स्वाद बढ़ाएं। ये प्रोटीन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं।
मांसाहारी लोग प्रोसेस्ड मीट छोड़कर बीन्स, राजमा या दालें अपनाएं। इनमें आयरन और प्रोटीन भरपूर होता है, जो बीपी और शुगर से बचाव करता है।
इन बदलावों से परिवार की सेहत सुधरेगी और जंक फूड की लत छूट जाएगी। आज से ही शुरू करें स्वस्थ जीवनशैली।