
शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया आपको सुस्त, थका हुआ और चक्कर आने का शिकार बना देता है। लेकिन चिंता न करें, रोजाना पालक, चुकंदर, अनार, खजूर, गुड़, काले चने, राजमा जैसी आयरन युक्त चीजें खाकर आप इससे आसानी से निजात पा सकते हैं।
नेशनल हेल्थ मिशन ने पूरे देश में एनीमिया उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसका नारा है ‘एनीमिया को हराएं, स्वस्थ जीवन जिएं’। यह समस्या महिलाओं, बच्चों और गर्भवती महिलाओं में सबसे ज्यादा देखी जाती है, जो थकान, कमजोरी, सांस फूलना और बच्चों के विकास में बाधा डालती है। सही आहार और जांच से इसे रोका जा सकता है।
आयरन हीमोग्लोबिन बनाता है जो ऑक्सीजन पहुंचाता है। विटामिन सी इसके अवशोषण में मदद करता है, तो प्रोटीन शरीर की मरम्मत करता है। हरी सब्जियां जैसे पालक, मेथी, सरसों का साग, बथुआ, चौलाई; दालें-चना, राजमा, सोयाबीन; अनाज जैसे ज्वार, बाजरा; गुड़, चुकंदर, अनार, सेब, खजूर लें।
विटामिन सी के लिए आंवला, नींबू, संतरा, अमरूद, कीवी, टमाटर, शिमला मिर्च। प्रोटीन सोर्स: मूंग-अरहर-मसूर दालें, दूध-दही-पनीर, सोया चंक्स, बादाम-अखरोट-चिया-अलसी के बीज।
विशेषज्ञ कहते हैं, आयरन वाले भोजन के साथ नींबू निचोड़ें। खाने के तुरंत बाद चाय-कॉफी न पिएं। हर 3-6 माह में जांच करवाएं। गर्भवती और किशोरियों को डॉक्टर से सलाह लें। आज से शुरू करें, स्वस्थ रहें।