
मुंबई। ‘मर्दानी-3’ क्राइम थ्रिलर ने सिनेमाघरों में धूम मचा रखी है। रानी मुखर्जी की दमदार अदाकारी के साथ निर्देशक अभिराज मीनावाला का मार्गदर्शन भी खूब सराहा जा रहा है। आईएएनएस से विशेष बातचीत में अभिराज ने यशराज फिल्म्स को अपना फिल्म स्कूल बताया।
उन्होंने कहा, ‘यशराज मेरे लिए प्रोडक्शन हाउस से कहीं ज्यादा है, यह मेरा फिल्म स्कूल और परिवार है। कॉलेज के ठीक बाद ‘रॉकेट सिंह’ से सफर शुरू हुआ। मेरा इरादा था कि दो-चार फिल्में कर लूं, फिर एक्टिंग कोर्स करूं, लेकिन यशराज ने मुझे इतना कुछ सिखाया कि अब लगता है यही मेरा असली स्कूल था।’
मर्दानी फ्रेंचाइजी संभालना बड़ी जिम्मेदारी थी। ‘आदि सर (आदित्य चोपड़ा) का ऑफर आया तो खुशी के साथ डर भी लगा। प्रदीप सर ने पहली फिल्म को अमर बनाया, गोपी सर ने आकार दिया। रानी मैम के साथ स्क्रिप्ट को न्याय देना चुनौतीपूर्ण था।’
तैयारी पर जोर देते हुए अभिराज बोले, ‘रानी और लेखक आयुष गुप्ता के साथ हर सीन पर लंबी चर्चाएं हुईं। प्री-प्रोडक्शन में सब क्लियर कर लिया ताकि शूटिंग में सिर्फ क्रिएटिविटी पर फोकस हो। रानी का अनुभव हमारा सबसे बड़ा हथियार साबित हुआ।’ ‘मर्दानी-3’ की सफलता यशराज के टैलेंट ग्रूमिंग सिस्टम की मिसाल है।