
दक्षिण भारतीय सिनेमा के चहेते सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर अपने विवाह ग्रैंड रिसेप्शन का निमंत्रण दिया। 26 फरवरी को उदयपुर में तेलुगु और कोडवा रस्मों के साथ शादी रचाने वाले इस जोड़े का रिसेप्शन 4 मार्च को हैदराबाद में आयोजित होगा।
पारंपरिक वेशभूषा में सजे दंपति ने पीएम को शॉल भेंट की और निमंत्रण पत्र सौंपा। मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर धूम मचा रही हैं, जहां दोनों के चेहरों पर वैवाहिक सुख की चमक साफ झलक रही है।
इससे पहले कपल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी न्योता दिया था। वहीं, पीएम मोदी ने विजय के माता-पिता को पत्र लिखकर शादी की बधाई दी थी। पत्र में उन्होंने लिखा कि यह विवाह जीवन का नया अध्याय है, जहां प्यार और विश्वास से दोनों सिल्वर स्क्रीन के जादू से कहीं अधिक चमकेंगे।
प्रधानमंत्री ने दोनों कलाकारों की फिल्मी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वे एक-दूसरे की जिम्मेदारियां समझें, कमियों को अपनाएं और सच्चे साथी बनकर जीवन जिएं। उदयपुर की शादी से लेकर हैदराबाद के रिसेप्शन तक, यह प्रेम कहानी पूरे देश को मंत्रमुग्ध कर रही है।
फैंस अब रिसेप्शन की भव्यता और सेलिब्रिटी गेस्ट्स को लेकर उत्साहित हैं। यह निमंत्रण भारतीय सिनेमा और नेतृत्व के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है।