
मुंबई। तापसी पन्नू एक बार फिर अनुभव सिन्हा के साथ नजर आने को तैयार हैं। ‘मुल्क’, ‘थप्पड़’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी बेहतरीन फिल्मों के बाद अब ‘अस्सी’ में दोनों की जोड़ी दर्शकों को रोमांचित करने वाली है। तापसी ने अनुभव की निर्देशन कला की खुलकर तारीफ की है।
तापसी का कहना है कि अनुभव सिन्हा की फिल्में समाज की सच्चाइयों को आईने की तरह दिखाती हैं। वे कहानियों को इतनी सादगी और सच्चाई से पेश करते हैं कि दर्शक उन्हें नजरअंदाज ही नहीं कर पाते। चाहे कोर्टरूम ड्रामा हो या सामाजिक मुद्दों पर बनी फिल्में, उनका अंदाज़ हमेशा लाजवाब रहता है।
‘अनुभव सिन्हा को सिर्फ कोर्टरूम फिल्मों तक सीमित नहीं किया जा सकता। उनकी ‘थप्पड़’ और ‘आर्टिकल 15′ जैसी फिल्में इसका जीता-जागता सबूत हैं। वे आम कहानियों को भी इतने दमदार तरीके से दिखाते हैं कि अभिनेता खुद को सबसे सुरक्षित महसूस करते हैं।’
तापसी ने कहा कि अनुभव के सीन और डायलॉग इतने जीवंत होते हैं कि पूरी मेहनत करने वाले कलाकार के लिए चूकने की गुंजाइश ही नहीं बचती। ‘उनके साथ काम करना बच्चों के लिए कैंडी की दुकान जैसा है।’
‘अस्सी’ में तापसी के साथ कनी कुसरुति, रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब मुख्य भूमिकाओं में हैं। नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा के स्पेशल अपीयरेंस भी हैं।
टी-सीरीज और बनारस मीडिया वर्क्स की यह फिल्म भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और अनुभव सिन्हा ने प्रोड्यूस की है। 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।