
मुंबई। बंगाली अभिनेत्री स्वास्तिका मुखर्जी ने अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक दिल दहला देने वाला पोस्ट शेयर किया है। फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में अपनी संजीदा अदाकारी से लाखों दिलों पर राज करने वाली स्वास्तिका का यह नोट बंगाली भाषा में लिखा गया है, जो फैंस के बीच तेजी से वायरल हो रहा है।
उन्होंने लिखा कि दुनिया की हर घटना पर पिता के साथ रात भर गपशप होती। उनकी जोरदार हंसी बुरी से बुरी बातों को भी उड़ा देती। ‘बाबा, अगर खुलकर हंसने की प्रतियोगिता होती तो आप और मां हमेशा जीतते। आजकल लोग जोर से हंसने से कतराते हैं, डरते हैं कि लोग क्या कहेंगे।’
हर नया प्रोजेक्ट शुरू करने पर लगता है कि काश बाबा देख पाते। ये ‘काश’ इतने जमा हो गए हैं कि कंचनजंघा से ऊंचा पहाड़ बन गया। खास दिनों पर घड़ी की ओर टकटकी लगाए रहती हूं, लगता है आप अभी भी बाहर कमरे में हैं, आपके स्पर्श का अहसास बना रहता है।
आपका होना ही सहारा है, जैसे बरगद की छांव। स्टील का बड़ा गिलास, जो दादा का था, अब मेरा है। पानी पीते ही आपकी खूबसूरत हथेलियां नजर आती हैं, भगवान जैसे हाथ-पैर। हमारी बात याद रखना बाबा, अगली बार आपको आना है। 6 साल बीत गए, जल्द ही बादलों के पार मुलाकात होगी।
पहाड़ों में शूटिंग के दौरान बादल छाए हैं, लगता है आप इन्हीं में हैं, बालकनी से आ रहे हैं। क्या आप बता रहे हैं कि यहीं हो? आसमान भी उदास सा है। स्वास्तिका का यह पोस्ट पिता-पुत्री के अटूट बंधन को दर्शाता है।