
मुंबई। ‘बॉर्डर 2’ की भारी सफलता के बीच सनी देओल ने अपनी जिंदगी का एक मजेदार राज खोला है। एक्शन हीरो के तौर पर मशहूर यह कलाकार फिल्मों की शूटिंग में डांस नंबर्स से सबसे ज्यादा घबराते हैं। हाल ही में शेयर की गई एक क्लिप में भारी बारिश के दौरान पूरी टीम इकट्ठी बैठी नजर आ रही है।
डायरेक्टर अनुराग सिंह ने पूछा कि कौन सा गाना शूट करना सबसे मुश्किल लगा। सनी ने हंसते हुए कहा, ‘सभी डांस वाले गाने। मैं तो शूटिंग पर जाता ही नहीं था। खुद को मनाता, कभी बुखार चढ़ आता, लेकिन आखिरकार करना ही पड़ता।’ सबकी हंसी छूट गई।
बॉलीवुड में सनी का डांस करना किसी चुनौती से कम नहीं। कोरियोग्राफरों ने कई बार बताया कि उन्हें स्टेप्स सिखाना बेहद कठिन होता है। ‘चालबाज’ में श्रीदेवी के साथ उनका रोमांटिक गाना शूट करते वक्त वे दो घंटे सेट से गायब रहे। श्रीदेवी की डांस स्किल्स देखकर असहज हो गए थे।
सोशल मीडिया पर उनके ‘यारा ओ यारा’ और ‘मेरा दिल ले गई ओ कम्मो’ के स्टेप्स मीम्स का सबब बने रहते हैं। फैंस मजाक उड़ाते हैं कि डांस कम, जिम वर्कआउट ज्यादा लगता है। ‘बॉर्डर 2’ की रफ्तार के बीच यह खुलासा सनी को और करीब ला रहा है।