
मुंबई। ‘मास्टरशेफ इंडिया’ के ताजा एपिसोड में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने शादी को ‘वड्डी बारबादी’ करार देते हुए दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया। प्रतियोगी साईश्री के साथ उनकी मजेदार बातचीत ने शो को और रोचक बना दिया।
साईश्री ने अपनी शादी की बजाय करियर और बिजनेस पर फोकस करने की बात कही। सुनीता ने साईश्री की मां से कहा, ‘शादी मत कराओ, ये तो पूरी बर्बादी है। इसे बिजनेस करने दो। लड़की खुद पर खड़ी हो जाएगी तो अच्छा लड़का मिलेगा।’
शेफ विकास खन्ना ने बीच में टोका कि शादी जीवन का खूबसूरत पड़ाव है। सुनीता ने तपाक से पूछा, ‘तो आपने क्यों नहीं की?’ विकास ने शर्माते हुए कहा कि उनके लिए पहचान ज्यादा जरूरी है।
सुनीता ने हंसते हुए कहा, ‘पहचान तो बन चुकी। अब आपके लिए लड़की ढूंढूं? कैसी चाहिए—मेरी जैसी, मुझसे अच्छी या शरीफ वाली?’ विकास ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘आपसे अच्छी कौन होगी?’
यह मजाकिया पल सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित हो रहा शो की जान बन गया। सुनीता की प्रगतिशील सोच ने युवतियों को करियर पहले रखने का संदेश दिया।
शो में ऐसे अनफिल्टर्ड मोमेंट्स दर्शकों को बांधे रखते हैं, जो कॉमेडी और प्रेरणा का बेहतरीन मिश्रण पेश करते हैं।