बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ अपनी पहली झलक सामने आने के बाद से ही चर्चा में है। फिल्म के बजट का खुलासा होने के बाद इसने खूब सुर्खियां बटोरी हैं। मेकर्स रणबीर की फिल्म रामायण को दो भागों में बना रहे हैं, जिसके दोनों पार्ट्स पर कुल 4 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
इतनी बड़ी रकम में आज तक भारत में कोई फिल्म नहीं बनी है। इतने बजट वाली तो दूर, भारत में 1 हजार करोड़ के बजट वाली फिल्म भी नहीं बन पाई है। रामायण का जितना बजट है, उतना तो बॉलीवुड के बड़े से बड़े सुपरस्टार की जिंदगी भर की कमाई भी नहीं है। लेकिन बॉलीवुड में एक ऐसा एक्टर है जिसकी नेटवर्थ रामायण के बजट से भी ज्यादा है। वह एक्टर कोई और नहीं शाहरुख खान हैं।
शाहरुख खान न केवल बॉलीवुड और भारत के सबसे अमीर एक्टर हैं, बल्कि दुनिया के तीसरे सबसे अमीर एक्टर भी हैं। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2024 के मुताबिक, शाहरुख की कुल संपत्ति 7300 करोड़ रुपये है, जो रामायण के बजट से 2300 करोड़ रुपये ज्यादा है। शाहरुख खान के अलावा किसी भी भारतीय एक्टर की नेटवर्थ 4000 करोड़ रुपये से ज्यादा नहीं है, यहां तक कि ऋतिक रोशन, अमिताभ बच्चन और नागार्जुन जैसे सुपरस्टार्स की संपत्ति भी 3500 करोड़ रुपये से कम है।
रामायण में रणबीर भगवान श्री राम की भूमिका निभाएंगे। वहीं साई पल्लवी माता सीता, सनी देओल हनुमान जी और कन्नड़ स्टार यश लंकापति रावण के किरदार में नजर आएंगे। इसका पहला भाग दिवाली 2026 पर और दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर रिलीज किया जाएगा। पहले भाग की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरे भाग के प्री-प्रोडक्शन का काम भी शुरू हो चुका है। रणबीर और यश जल्द ही दूसरे भाग की शूटिंग शुरू करने वाले हैं।