
मशहूर अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा के लिए सामने आए हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की है। सिर्फ पढ़ाई से जुड़े उपयोग को छोड़कर बाकी सब बंद हो, यही उनका कहना है।
इस मांग का आधार गाजियाबाद की एक दर्दनाक घटना है, जहां तीन मासूम लड़कियों की जान चली गई। सोनू ने लिखा, ‘ये बच्चियां हिंसा या गरीबी से नहीं, बल्कि डिजिटल लत और ऑनलाइन गेमिंग के दबाव से शिकार हुईं।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों को बचपन का सही मार्गदर्शन चाहिए, न कि एल्गोरिदम का बोलबाला।
सोनू का मानना है कि फोन और इंटरेट का उपयोग बच्चों के लिए बेहद सीमित रखना होगा। इसके लिए सख्त कानून बनाने की जरूरत है। ‘बच्चों को प्यार व देखभाल चाहिए, स्क्रीन का नशा नहीं,’ उन्होंने भावुक अपील की। यह पहली बार नहीं जब सोनू ने इस मुद्दे को उठाया। पहले भी उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के बैन का हवाला देकर भारत के लिए ऐसे कदम की वकालत की थी।
उनकी यह पुकार समाज और सरकार के लिए चेतावनी है। अगर अभी नहीं चेते तो कई परिवारों का बुरा हाल हो जाएगा। सोनू सूद जैसे सितारे की आवाज से उम्मीद है कि बदलाव आएगा और बच्चे सुरक्षित रहेंगे।