
मुंबई, 23 फरवरी। दोस्ती और प्यार की मनोरंजक जंग दिखाती फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ को आज 8 साल पूरे हो गए हैं। 2018 में रिलीज हुई यह फिल्म युवाओं के दिलों में बस गई थी और आज भी उतनी ही ताजा लगती है।
कहानी के केंद्र में हैं बचपन के दो यार, सोनू और टीटू। टीटू एक सच्चा और भावुक लड़का है, जो प्यार में बार-बार धोखा खाता है। हर बार सोनू ही उसका सहारा बनता है, गलत रिश्तों से बचाता है।
सोनू का टीटू के परिवार से गहरा लगाव है। मां के निधन के बाद टीटू के माता-पिता ने उसे अपने बेटे जैसा प्यार दिया। यही रिश्ता फिल्म की ताकत है।
मामला तब उलझता है जब टीटू अरेंज्ड मैरिज चुनता है। स्वीटी की एंट्री होती है, जो सबका दिल जीत लेती है। लेकिन सोनू को उस पर भरोसा नहीं। क्या कोई इतना परफेक्ट हो सकता है? इसी शक से दोस्ती-प्यार का संघर्ष शुरू होता है।
लव रंजन के निर्देशन में कार्तिक आर्यन, सनी सिंह और नुसरत भरूचा ने जान फूंकी। आलोक नाथ जैसे कलाकारों ने परिवारिक माहौल को मजबूत किया।
‘दिल चोरी’, ‘स्वीटी स्लोली’, ‘लक मेरा हिट’ और ‘तेरा यार हूं मैं’ जैसे गीत आज भी हिट हैं।
8 साल बाद भी यह फिल्म सिखाती है कि सच्ची दोस्ती सबसे बड़ी ताकत होती है।