
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने सोशल मीडिया पर अपनी नई तस्वीरें शेयर कर फैंस को चौंका दिया है। पांच साल बाद उन्होंने डार्क हेयर लुक अपनाया है, जो उनके पुराने दिनों की याद दिला रहा है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, ‘5 साल बाद डार्क हेयर मेरी जिंदगी में वापस आ रहा है। अंदाजा लगाओ किसके लिए?’
ये तस्वीरें देखते ही फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई। हर कोई उनके नए लुक की तारीफ कर रहा है और अनुमान लगा रहा है कि ये बदलाव किसी नई फिल्म या प्रोजेक्ट के लिए तो नहीं। इसी बीच, पति जहीर इकबाल ने कमेंट में लिखा, ‘मुझे पता है।’ इस एक लाइन ने हंगामा मचा दिया।
फैंस ने जहीर के कमेंट पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, ‘भैया चाचा कब बना रहे हो?’ सोनाक्षी और जहीर का ये प्यारा सा रिश्ता सोशल मीडिया पर हमेशा छाया रहता है। दोनों अक्सर अपनी नोकझोंक भरे वीडियोज शेयर करते हैं, जो फैंस को खूब पसंद आते हैं।
हाल ही में सोनाक्षी की तेलुगु डेब्यू फिल्म ‘जटाधरा’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनका दमदार अवतार सामने आया। निर्देशक अभिषेक जायसवाल और वेंकट कल्याण की इस फिल्म में सुधीर बाबू, दिव्या खोसला कुमार समेत कई सितारे थे। 7 नवंबर को हिंदी और तेलुगु में रिलीज हुई ये फिल्म निर्माताओं उमेश कुमार बंसल, शिविन नारंग आदि ने बनाई।
सोनाक्षी का ये डार्क हेयर लुक उनके करियर के नए दौर की शुरुआत का संकेत दे रहा है। फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि आखिर ये बदलाव किस प्रोजेक्ट के लिए है। जहीर का हिंट तो साफ है कि घर में ही राज खुल जाएगा।