
साउथ सिनेमा की चहेती अभिनेत्री श्रीलीला ने अपनी मां के जन्मदिन पर इंस्टाग्राम के जरिए एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की है। बुधवार को साझा की गई ये तस्वीरें मां-बेटी के अपार स्नेह को दर्शाती हैं, जहां दोनों हंसी-खुशी नजर आ रही हैं।
कैप्शन में श्रीलीला ने लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो अम्मा! आप 24 घंटे मुझे हंसाती रहती हैं और पूरे 365 दिन मुझे भावनात्मक रूप से मजबूत बनाती हैं।’ उन्होंने आगे बताया कि जिंदगी के हर कदम पर मां के साथ चलते हुए उन्हें निःस्वार्थ प्रेम का सच्चा स्वरूप समझ आया है।
‘हम जो भी साथ साझा करते हैं, वो सब बेहद खास है। आप मुझे हौसला और निडरता सिखाती हैं, तो मैं आपको मुश्किलों में हंसी के साथ सामना करने का तरीका बताती हूं,’ श्रीलीला ने लिखा। पोस्ट का अंत उन्होंने प्रार्थना से किया, ‘भगवान से दुआ है कि आप हमेशा मेरी अम्मा ही रहें, चाहे मैं कितनी भी जिंदगियां जिऊं। मुझे इस दुनिया में लाने के लिए ढेर सारा धन्यवाद।’
प्रशंसकों ने इस पोस्ट पर खूब सराहना की और कमेंट्स में मां को जन्मदिन की बधाइयां दीं। करियर की बात करें तो श्रीलीला पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ में नजर आएंगी, जो तमिल फिल्म ‘थेरी’ का रीमेक है। हरीश शंकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आशुतोष राणा, गौतमी जैसे सितारे हैं। नवीन यरनेनी और वाई. रविशंकर इसके निर्माता हैं। इसके अलावा, बॉलीवुड में कार्तिक आर्यन संग ‘आशिकी 3’ से डेब्यू की तैयारी चल रही है।