
मुंबई। साउथ और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री श्रुति हासन ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक दिल छू लेने वाला वीडियो शेयर किया। यह वीडियो उनकी बचपन की पुरानी तस्वीरों से लेकर आज की चमकदार जिंदगी तक का सफर दिखाता है।
वीडियो के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘किसी लड़की के बचपन की तस्वीरें उसके मिजाज और व्यक्तित्व को साफ बयां करती हैं। मैं तो बचपन से ही बेहद मूडी रही हूं, हाहा!’ यह पोस्ट फैंस को खूब भा रही है। कमेंट बॉक्स में प्रशंसक अपनी-अपनी कहानियां साझा कर रहे हैं और श्रुति की सादगी की तारीफ कर रहे हैं।
श्रुति सिर्फ अभिनय ही नहीं, गायन और संगीत रचना में भी माहिर हैं। कम लोग जानते हैं कि उनका करियर अभिनेत्री के तौर पर नहीं, बल्कि गायिका के रूप में शुरू हुआ। मात्र छह साल की उम्र में पिता कमल हासन की फिल्म ‘थेवर मगन’ (1992) में उन्होंने पहला गीत गाया। इसके बाद ‘चाची 420’ (1997) में आवाज दी। 2000 में ‘हे राम’ में बाल कलाकार बनीं और हिंदी-तमिल टाइटल ट्रैक ‘रामा रामा’ गाया।
तमिल, तेलुगु और हिंदी सिनेमा में उनकी मजबूत पकड़ है। जल्द ही पवन सादिनेनी की एडवेंचर-ड्रामा फिल्म ‘आकासमलो ओका तारा’ में नजर आएंगी, जिसमें दुलकर सलमान और सत्विका वीरवल्ली भी होंगे। गीता आर्ट्स व स्वप्ना सिनेमा की यह फिल्म संदीप गुन्नम व रम्या गुन्नम प्रोड्यूस कर रहे हैं। श्रुति के जन्मदिन पर पोस्टर रिलीज हुआ था। पैन-इंडिया रिलीज की उम्मीदें हैं।
इसके अलावा, एसएस राजामौली की ‘वाराणसी’ के लिए एमएम कीरवानी संग गाना गाया है। श्रुति का यह पोस्ट नॉस्टैल्जिया का खजाना है, जो उनके सफर को याद दिलाता है।