
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर बनी फिल्म ‘शतक: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष’ सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। दर्शकों द्वारा सराहना पा रही इस फिल्म के निर्माता वीर कपूर ने विशेष बातचीत में संगठन और फिल्म के उद्देश्य पर खुलकर चर्चा की।
स्वयं संघ के स्वयंसेवक वीर कपूर ने कहा, ‘देश की सेवा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। मैंने यह फिल्म सच्ची घटनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बनाई है। संघ का इतिहास प्रेरणादायक है, जो 1925 से चला आ रहा है।’
फिल्म में संघ के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, आपातकाल के दौरान अटल निष्ठा और समाज सेवा के अनगिनत कार्यों को विस्तार से दिखाया गया है। निर्देशक आशीष मल्ल और को-प्रोड्यूसर आशीष तिवारी द्वारा तैयार यह कृति संघ की विचारधारा को नई पीढ़ी तक ले जाने का माध्यम बनी है।
19 फरवरी को एडीए 360 डिग्री एलएलपी द्वारा रिलीज हुई फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। कपूर ने जोर देकर कहा कि संघ के बारे में व्याप्त भ्रमों को दूर करने में यह फिल्म मील का पत्थर साबित होगी।
संघ के शताब्दी वर्ष में यह फिल्म न केवल मनोरंजन देती है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना को भी प्रज्वलित करती है। दर्शक इसे देखकर संगठन के बलिदानों से परिचित हो रहे हैं।