
मुंबई। अभिनेता सौरभ शुक्ला अब निर्देशक बनकर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘जब खुली किताब’ में दिग्गज अभिनेता पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। हाल ही में रिलीज हुए फर्स्ट लुक ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया है।
फिल्म एक ऐसे दंपति की कहानी बयान करती है, जिनके दशकों पुराने वैवाहिक संबंध में एक चौंकाने वाला राज खुलता है। छिपी सच्चाइयों के सामने आते ही परिवार भावनाओं के भंवर में फंस जाता है। कभी हृदयस्पर्शी, कभी हास्यपूर्ण पल इसे एक अनोखी प्रेम कथा बनाते हैं, जो प्यार, माफी और जीवनसाथी को दोबारा खोजने की सुंदरता को रेखांकित करती है।
कास्ट में अपारशक्ति खुराना युवा वकील की भूमिका में हैं, जो आधुनिक नजरिए से कहानी को नया आयाम देते हैं। समीर सोनी, नौहीद साइरूसी और मानसी पारेख सहायक किरदारों से गहराई भरते हैं।
सौरभ शुक्ला ने बताया, ‘यह फिल्म रिश्तों, अनकही भावनाओं और अनसुलझे विवादों को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है। सच्चाई इसका मूल मंत्र है, जो समझ और मुक्ति का रास्ता दिखाती है।’ उन्होंने कहा कि यह उन लोगों के लिए है जो कठिनाइयों में सच का डटकर मुकाबला करते हैं और प्यार की ताकत को पहचानते हैं।
एंड टीवी की कावेरी दास ने कहा, ‘प्यार की कोई समय सीमा नहीं होती। पंकज-डिंपल की शानदार जोड़ी इस गर्मजोशी भरी कहानी को अविस्मरणीय बनाएगी। हम दर्शकों के लिए ऐसी हृदयस्पर्शी फिल्म लेकर गर्व महसूस कर रहे हैं।’
‘जब खुली किताब’ रिश्तों की गहराई को छू लेगी और दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देगी।