
बॉलीवुड की चकाचौंध भरी दुनिया में जहां हर कोई ट्रेंड्स के पीछे भागता नजर आता है, वहीं अभिनेत्री सई मांजरेकर अपनी अलग राह चुन रही हैं। उनका मानना है कि सच्ची सफलता के लिए धैर्य, सही प्रोजेक्ट चयन और दिल से किया गया काम जरूरी है।
मुंबई से बातचीत में सई ने अपने काम के फलसफे पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा, ‘अभिनेता के रूप में खुद को समय देना बेहद महत्वपूर्ण है। मैं आज के ट्रेंड्स का पीछा नहीं करतीं। बल्कि ऐसे प्रोजेक्ट्स चुनती हूं जो मुझे एक कलाकार के तौर पर मजबूत बनाएं। जब काम मन से किया जाता है, तो वह दर्शकों के दिलो-दिमाग में हमेशा के लिए बस जाता है।’
सई आगे बोलीं, ‘हर फिल्म के साथ मैं खुद को निखारना चाहती हूं। जल्दबाजी से बेहतर है अपना तरीका अपनाना। करियर को लंबा चलाने के लिए काम के प्रति ईमानदारी और उन कहानियों का चयन जरूरी है जिनसे मैं भावनात्मक रूप से जुड़ सकूं।’
वर्तमान में सई अपनी आगामी फिल्म ‘इंडिया हाउस’ को लेकर सुर्खियों में हैं। आजादी से पूर्व के दौर पर बनी यह फिल्म सामाजिक-सांस्कृतिक पहलुओं को गहराई से उकेरेगी। राम चरण के प्रोडक्शन हाउस की यह पहली फिल्म है, जो हिंदी और तेलुगु में एक साथ बन रही है।
सई का यह नजरिया युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा है, जो साबित करता है कि मजबूत कहानियां ही सितारों को अमर बनाती हैं।
