
होली का त्योहार आते ही बॉलीवुड के सुनहरे गीत फिर से जोर-शोर से गूंजने लगते हैं। इनमें 1982 की सुपरहिट फिल्म ‘नदिया के पार’ का मशहूर गाना ‘जोगी जी धीरे धीरे’ हमेशा अव्वल रहता है। इस बार अभिनेत्री साधना सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक शानदार वीडियो शेयर कर पुरानी यादें ताजा कर दी हैं।
वीडियो में साधना सिंह उसी पुराने अंदाज में ठुमके लगाती नजर आ रही हैं, जो फिल्म के दिनों में लोगों का दिल जीत चुकी थीं। उनके चेहरे पर वही मासूमियत, वही चुलबुलापन है। गाने की धुन पर उनका डांस देखकर लगता है मानो समय ठहर सा गया हो। गांव की होली की वो मस्ती फिर से जिंदा हो गई है।
कैप्शन में साधना ने लिखा कि पहले की होली और आज की होली में फर्क है, लेकिन कुछ रंग कभी फीके नहीं होते। यह गाना उनके दिल के बहुत करीब है, जिसमें हंसी-ठिठोली, छेड़खानी और देहाती सरमर्म थे। ‘नदिया के पार’ की शूटिंग के वे दिन याद आ जाते हैं जब रंग सादे, इमोशंस सच्चे और प्यार शरमाता हुआ लेकिन गहरा था। उन्होंने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
फिल्म में साधना ने गुंजा का रोल निभाया था, जबकि सचिन पिलगांवकर उनके हमराही थे। रविंद्र जैन का संगीत और गीत, हेमलता, जसपाल सिंह व चंद्राणी मुखर्जी की आवाज ने इसे अमर बना दिया। गोविंद मूनिस के निर्देशन में राजश्री प्रोडक्शन की यह फिल्म आज भी प्रासंगिक है।
साधना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो बताता है कि क्लासिक गाने कैसे पीढ़ियों को जोड़ते हैं। होली की इस मस्ती में सब डूब जाएं।