
मुंबई। टीवी की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्री रुपाली गांगुली ने एक बार फिर अपनी कला का लोहा मनवाया। ‘अनुपमा’ फेम रुपाली और उनके भाई विजय गांगुली को आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार टीवी जगत में उनके शानदार योगदान के लिए दिया गया, लेकिन स्टेज पर असली धमाल मचाया उनकी मां रजनी गांगुली ने।
रुपाली ने सोशल मीडिया पर समारोह की मनमोहक तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वे भाई-मां संग स्टेज पर नजर आ रही हैं। रजनी ने बेटे विजय संग फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ पर ऐसा जोरदार डांस किया कि सारी सुर्खियां बटोर लीं। पहले भी उनकी डांस वीडियो वायरल हो चुकी हैं और प्रशंसकों ने उन्हें ‘असली स्टार’ कहा था। भाई-बहन को मिले अवॉर्ड के बावजूद चर्चा सिर्फ मां की हो रही है।
फोटोज के साथ रुपाली ने भावुक कैप्शन लिखा, “इन गौरवशाली पलों के लिए आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड का हृदय से आभार, खासकर अनुपमा के जन्मदिन पर। विजय व रजनी गांगुली मेरे अनमोल रत्न और रीढ़ हैं। मेरी हिम्मत के लिए अश्विन वर्मा का धन्यवाद। अनुपमा को साकार करने वाली राजन शाही व पूरी टीम का दिल से शुक्रिया। इस शो ने मेरी जिंदगी बदल दी।”
2020 से प्रसारित ‘अनुपमा’ ने 6 सालों में टीआरपी लिस्ट पर राज किया। शो समाज के अनछुए मुद्दों को छूता है। अनुपमा-अनुज की प्रेमकहानी ने धूम मचाई, लेकिन अब अनुपमा तीसरी पीढ़ी के जटिल रिश्तों को सुलझा रही हैं। यह शो दर्शकों के दिलों में बसा हुआ है।