रित्विक धनजानी: दुबई से मुंबई तक का सफर
5 नवंबर 1988 को मध्य प्रदेश के मंदसौर में सिंधी परिवार में जन्मे रित्विक धनजानी का बचपन दुबई में गुजरा। उनकी प्रारंभिक शिक्षा वहीं पूरी होने के बाद उच्च अध्ययन के लिए वह लंदन पहुंचे। वहां रहते हुए उन्हें मॉडलिंग, एक्टिंग और स्टेज परफॉर्मेंस में गहरी रुचि जगी। कॉलेज के दिनों में उन्होंने थिएटर और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया, जिससे उनके मन में अभिनय को करियर बनाने की इच्छा जागृत हुई।
अपने करियर से जुड़े सपने को साकार करने वह मुंबई आए। जहां उन्होंने एक्टिंग इंसिट्यूट से प्रशिक्षण लिया। शुरुआती दिनों में उन्हें काफी संघर्षों का सामना करना पड़ा। वे रोजाना 10 से 12 ऑडिशन देते थे और विज्ञापनों के जरिए अपना संघर्ष संवारते थे। एक फिल्म की शूटिंग बीच में ही रुक जाने के बाद जब उन्हें कोई विकल्प नहीं बचा, तो उन्होंने टीवी की पेशकश स्वीकार की। यह फैसला उनके करियर का मोड़ बन गया।
उन्होंने साल 2009 में 'बंदिनी' से टीवी की शुरुआत की। 2010-11 में 'प्यार की ये एक इजाज़त' में जय खुरेना के किरदार ने उन्हें दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाया। फिर 'पवित्र रिश्ता' में अर्जुन दिग्विजय किरलोस्कर के रोल ने उनकी स्टारडम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इसी शो से उनकी मुलाकात आशा नेगी से हुई।
रियलिटी शोज की दुनिया में उनका दबदबा अनोखा रहा। 2013 में आशा नेगी के साथ मिलकर उन्होंने 'नच बलिए 6' जीती। इस सफलता ने उन्हें होस्टिंग की तरफ बढ़ाया। 'ये हैं आशिकी', 'वी डिस्ट्रैक्शन', 'नच बलिए 7', 'सुपर डांसर', 'इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज' और 'इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार्स' जैसे शोज में उनकी सजीव उपस्थिति को दर्शकों ने काफी पसंद किया।
फिल्मों में उनकी शुरुआत 2011 में 'जो हम चाहे' से हुई, जिसके बाद 'ट्रिपल एक्स' में नजर आए। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उन्होंने जगह बनाई। 2016 में वेब सीरीज 'आई डोंट वॉच टीवी' से स्ट्रीमिंग दुनिया में कदम रखा। इसके बाद 'कार्टेल' और 'हाफ लव हाफ अरेंज्ड' के दूसरे सीजन में भी काम किया।
अभिनय के साथ-साथ वह संगीत और गिटार भी बजाते हैं। 2024 में उन्होंने अपनी रचनात्मकता को व्यापार में बदलते हुए 'आरडीएक्स' नाम का एक क्लोदिंग ब्रांड भी लॉन्च किया। आज वह केवल एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक सफल होस्ट और उद्यमी के रूप में भी जाने जाते हैं।


