
मुंबई में सिनेमा प्रेमियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की ब्लॉकबस्टर एक्शन फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ अब 26 मार्च की बजाय 19 मार्च को रिलीज हो रही है। प्रोडक्शन हाउस मैथ्री मूवी मेकर्स ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्टर शेयर कर इसकी आधिकारिक घोषणा की।
पोस्टर पर लिखा है, ‘बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार सेलिब्रेशन के लिए हमारी फिल्म एक हफ्ता पहले आ रही है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में धमाल!’ इस खबर से फैंस का उत्साह चरम पर है। हर तरफ ट्रेलर, गाने और स्टार के लुक की चर्चा हो रही है।
हरीश शंकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2016 की तमिल हिट ‘थेरी’ का रीमेक है। एटली द्वारा बनाई गई ‘थेरी’ ने बॉक्स ऑफिस लूटा था और हिंदी सहित कई भाषाओं में डब होकर दर्शकों का दिल जीता।
पवन कल्याण इसमें सख्त पुलिसवाले का रोल कर रहे हैं, तो उनके अपोजिट श्रीलीला हैं। फिल्म में के.एस. रविकुमार, आशुतोष राणा, नवाब शाह, प्रथिबन, राशि, अविनाश, गौतमी और नागा महेश जैसे कलाकार भी हैं। एक्शन सीन्स और ड्रामा का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा।
19 मार्च को रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ भी रिलीज हो रही है। दो बड़ी फिल्मों का क्लैश देखने का मजा दर्शकों को मिलेगा। कौन सी फिल्म चहेती बनेगी, यह तो वक्त बताएगा। लेकिन पवन कल्याण की फैन फॉलोइंग को देखते हुए ‘उस्ताद भगत सिंह’ का दबदबा रहने की उम्मीद है।