
मुंबई। ओडिया फिल्म जगत के मशहूर संगीतकार अभिजीत मजूमदार का रविवार को 54 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबी बीमारी से जूझ रहे अभिजीत का इलाज एम्स भुवनेश्वर में चल रहा था, लेकिन शनिवार रात उनकी हालत बिगड़ने से उन्हें वेंटिलेटर पर डाल दिया गया। डॉक्टरों की पूरी कोशिशों के बावजूद वे बच नहीं सके।
हाइपरटेंशन, हाइपोथायरायड और क्रॉनिक लिवर डिजीज जैसी गंभीर बीमारियों ने उनकी जिंदगी को लील लिया। ओडिया संगीत की दुनिया में उनके जाने से सन्नाटा छा गया है। कलाकारों और गीतकारों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी।
बीजेडी प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने एक्स पर लिखा, ‘अभिजीत मजूमदार का निधन ओडिशा के संगीत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी धुनें अमर रहेंगी।’
11 सितंबर 1971 को जन्मे अभिजीत ने 2000 के दशक में ओडिया संगीत को नई दिशा दी। ‘लव स्टोरी’, ‘सिस्टर श्रीदेवी’, ‘गोलमाल लव’ जैसी फिल्मों के गाने आज भी हिट हैं। उन्होंने 700 से अधिक गीतों को संगीतबद्ध किया। पत्नी रंजीता और एक बेटे को छोड़ गए। ओडिशा का संगीत हमेशा उनकी याद में गूंजेगा।