
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने अक्षय कुमार के पॉपुलर गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में अपनी रिलेशनशिप स्टेटस पर खुलकर बात की। आगामी रोमांटिक ड्रामा ‘दो दीवाने शहर में’ के प्रमोशन के दौरान सिद्धांत चतुर्वेदी और डायरेक्टर रवि उदयावर के साथ पहुंचीं मृणाल ने अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया।
अक्षय ने मजाकिया अंदाज में पूछा, ‘मृणाल, सोशल मीडिया पर तुम्हारे रिश्तों को लेकर खूब चर्चाएं हैं। अभी स्टेटस क्या है?’ मृणाल ने हंसते हुए जवाब दिया, ‘मैं सिंगल हूं और मिंगल करने को तैयार हूं।’ इस पर स्टूडियो में ठहाके गूंजे। अक्षय ने एक दर्शक को बुलाया, जो शादीशुदा निकला। अक्षय बोले, ‘मिंगल करने के लिए तो नहीं बुलाया था!’
यह मजेदार पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। दक्षिण सुपरस्टार धनुष के साथ उनके कथित रिश्ते की अफवाहें अब थम चुकी हैं। रवि उदयावर के निर्देशन में बनी यह फिल्म भंसाली प्रोडक्शंस और जी स्टूडियोज का प्रोजेक्ट है। सिद्धांत और मृणाल लीड में हैं, तो ईला अरुण, जॉय सेनगुप्ता, आयशा रजा समेत तमाम कलाकार भी हैं।
फिल्म के गाने सुपरहिट हैं और सोशल मीडिया पर जबरदस्त क्रेज है। 20 फरवरी को रिलीज हो रही इस फिल्म से उम्मीदें कायम हैं। मृणाल का यह बयान उनके फैंस के लिए खुशखबरी है।