
मुंबई, 23 फरवरी। उत्तर प्रदेश में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर मचा बवाल अब नए रंग ले रहा है। संभल, गुन्नौर और आसपास के क्षेत्रों में यादव समाज के लोग सड़कों पर उतर आए हैं। फिल्म के टाइटल और कहानी पर आपत्ति जताते हुए प्रदर्शनकारी निर्माता संदीप तोमर, निर्देशक अंकित भड़ाना और कलाकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा चुके हैं। सिनेमा हॉल्स को चेतावनी दी गई है और कई जगह पोस्टर जला दिए गए हैं।
इसी बीच यूट्यूबर और बिग बॉस 19 कंटेस्टेंट मृदुल तिवारी का नाम भी सोशल मीडिया पर घसीटे जाने लगा। वजह उनकी बहन प्रगति तिवारी का फिल्म में मुख्य भूमिका होना है। मृदुल ने इंस्टाग्राम पर लंबा पोस्ट डालकर साफ किया कि फिल्म से उनका कोई लेना-देना नहीं।
उन्होंने लिखा, ‘मैंने न यह फिल्म बनाई है, न इसका नाम बदल सकता हूं। मैंने कई बार सार्वजनिक रूप से यह कहा है। समझदार लोग इसे मान चुके हैं, लेकिन बिना जानकारी के आरोप लगाने वालों को समझाना व्यर्थ है।’ मृदुल ने सभी समाजों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कहा कि अगर नाम पर आपत्ति है तो बदलवा लो, वे आपके साथ हैं।
मृदुल ने गलत अफवाहें फैलाने वालों से अपील की। यह विवाद कला की स्वतंत्रता और सामाजिक संवेदनशीलता के बीच टकराव को उजागर कर रहा है। फिल्म का भविष्य क्या होगा, यह देखना बाकी है।