
उत्तर प्रदेश का सपना साकार होता नजर आ रहा है। गौतम बुद्ध नगर के जेवर में बन रही राज्य की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी में जल्द ही बॉनी कपूर की ‘मॉम-2’ की शूटिंग शुरू होने वाली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ने अब ठोस आकार ले लिया है।
यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-21 में स्थित इस परिसर में जमीन की मैपिंग का काम तेजी से चल रहा है। बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के संयुक्त उद्यम बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों के मुताबिक, मैपिंग पूरी होते ही 20 दिनों में शूटिंग सेट तैयार हो जाएंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) द्वारा लेआउट प्लान मंजूर होने के बाद पहला चरण जोर पकड़ चुका है। यह फिल्म सिटी फिल्में, ओटीटी और वेब सीरीज का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनेगी, जो जेवर एयरपोर्ट की नजदीकी से लाभान्वित होगी।
प्रोजेक्ट के जीएम राजीव अरोड़ा ने कहा कि शूटिंग की तैयारी के साथ निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। जल्द ही सीएम योगी और पीएम मोदी इसके उद्घाटन के लिए पहुंचेंगे। 2017 की हिट फिल्म ‘मॉम’ के सीक्वल को यूपी में चुनना उद्योग के भरोसे को दर्शाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिटी मुंबई का मजबूत विकल्प बनेगी, रोजगार सृजित करेगी और स्थानीय प्रतिभाओं को मौका देगी। ‘मॉम-2’ की शूटिंग यूपी के मनोरंजन क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत है।