
मुंबई। बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने आगामी फिल्म ‘गोदान’ का खुलकर समर्थन किया है। 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही इस फिल्म में भारतीय संस्कृति में गौमाता के महत्व को बखूबी दर्शाया गया है। निर्देशक अमित प्रजापति की यह कृति सनातन धर्म की परंपराओं को नई रोशनी में पेश करती है।
इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर ममता ने दर्शकों से अपील की, ‘दीनदयाल मथुरा गौशाला समिति की ‘गोदान’ को अपने बच्चों व परिवार संग जरूर देखें। गाय के सांस्कृतिक, वैज्ञानिक व सामाजिक योगदान को समझने का यह बेहतरीन माध्यम है।’
दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति, दीनदयाल धाम, फरह, मथुरा द्वारा प्रस्तुत व कामधेनु इंटरनेशनल द्वारा निर्मित यह फिल्म पंचगव्य के चमत्कारी लाभों पर केंद्रित है। स्वास्थ्य, संस्कार, समृद्धि, सामाजिक समरसता व पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इन लाभों को फिल्म प्रभावी ढंग से उजागर करती है।
निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी व प्रभारी शांतनु चौधरी के नेतृत्व में बनी इस फिल्म में उपासना सिंह, मनोज जोशी, साहिल आनंद, सहर्ष शुक्ला व सत्येंद्र मौर्या जैसे सितारे प्रमुख भूमिकाओं में हैं। रिलीज से पूर्व ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। ममता का साथ फिल्म को व्यापक प्रसार देने में मील का पत्थर साबित होगा।