
पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र में भाजपा विधायक और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने एक महत्वपूर्ण आर्थिक प्रस्ताव रखा। उन्होंने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से अर्जुन वृक्ष आधारित हर्बल उद्योग को प्रोत्साहित करने की मांग की। अपना पूरा भाषण उन्होंने इंस्टाग्राम पर साझा कर वायरल कर दिया।
वीडियो में मैथिली ठाकुर ने बताया कि उत्तर बिहार के अलीनगर और मिथिला क्षेत्र में अर्जुन वृक्ष प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। इसकी छाल हृदय रोग, मधुमेह, क्षय और कोलेस्ट्रॉल जैसी बीमारियों के इलाज में अत्यंत लाभकारी है। वैश्विक स्तर पर हर्बल दवाओं की मांग चरम पर है, ऐसे में बिहार इस क्षेत्र में अग्रणी बन सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कच्ची छाल अन्य राज्यों को बेच दी जाती है, जिससे बिहार को पूरा लाभ नहीं मिलता। जिला स्तर पर प्रोसेसिंग इकाइयां स्थापित कर टैबलेट, चूर्ण और हार्ट सप्लीमेंट्स बनाए जाएं, तो राज्य हर्बल हब बन सकता है।
पर्यावरणीय दृष्टि से भी अर्जुन वृक्ष बाढ़ प्रभावित मिथिला में मिट्टी संरक्षण कर सकता है। बड़े पैमाने पर रोपण से बाढ़ का नुकसान कम होगा।
सरकार से खेती, प्रसंस्करण और ब्रांडिंग की एकीकृत योजना की मांग करते हुए मैथिली ने इसे स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण के लिए ट्रिपल लाभ बताया। सरकार के सकारात्मक रुख पर संतुष्टि जताते हुए उन्होंने शीघ्र कार्रवाई की आशा व्यक्त की।