
सोशल मीडिया की सनसनी ‘कुंभ ब्यूटी’ मोनालिसा भोसले ने अपने प्रेमी फरमान खान से तिरुवनंतपुरम में शादी कर ली। परिवार के विरोध के बावजूद यह जोड़ा पुलिस की मदद से एकजुट हुआ। महाकुंभ मेले में वायरल हुईं मोनालिसा की तस्वीरें उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया था। अब वह अपनी पहली फिल्म की शूटिंग के लिए केरल में हैं, जहां निजी जीवन का यह ड्रामा सामने आया।
बुधवार शाम 5:45 बजे पूवर के स्थानीय मंदिर में विवाह संपन्न हुआ। इससे पहले थंपनूर थाने में पहुंचे दंपति ने सुरक्षा की गुहार लगाई। मोनालिसा ने आरोप लगाया कि उनका परिवार उन्हें जबरन इंदौर वापस ले जाना चाहता है और रिश्तेदार से ब्याहने का दबाव बना रहा है। पुलिस ने पिता जय सिंह भोसले को बुलाया और समझाया कि बेटी वयस्क है, उसे अपनी मर्जी से जीवनसाथी चुनने का हक है।
सीपीआई(एम) के एम. वी. गोविंदन विवाह में शामिल हुए। शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने इसे केरल की सच्ची तस्वीर बताया, जहां अलग पृष्ठभूमि के लोग शांति से रहते हैं। मोनालिसा मध्य प्रदेश की हैं, फरमान महाराष्ट्र के। डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया पर उनकी मुलाकात हुई, जो प्यार में बदल गई। केरल का चयन शांतिपूर्ण विवाह के लिए किया। यह कहानी प्रेम की जीत की मिसाल है।